गैर संप्रदाय के युवक से प्रेम विवाह करने वाली युवती की शुक्रवार रात सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना के वक्त वह अपने पति के साथ बाइक से घर जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
देर रात परिजन थाने पहुंच गए थे। पुलिस घटना की पृष्ठभूमि के आधार पर आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाने में लगी थी।
पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय नेहा शहर के मोहल्ला लोटनपुरा निवासी थी। उसने करीब डेढ़ साल पहले शेखूपुर कस्बा निवासी दूसरे समुदाय के युवक आसिफ के साथ भागकर शादी की थी। तब से दोनों बदायूं जिले में नहीं रह रहे थे। आसिफ और नेहा दिल्ली चले गए थे। बताते हैं कि दोनों एक दिन पहले ही शेखूपुर आए थे। शुक्रवार रात नेहा और आसिफ शहर आ रहे थे। उसी दौरान शेखूपुर-बदायूं मार्ग पर ग्राम जहानाबाद के मंदिर के नजदीक नेहा को गोली मार दी गई। गोली उसके सीने में लगी, जिससे वह जमीन पर गिर गई। गोली किसने मारी। इसका खुलासा नहीं हुआ है। आसिफ ही नेहा को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा था, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर महिला के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस आसिफ को अपने साथ ले गई। उसका कहना है कि गोली लड़की के भाई ने मारी है। उसके कहने पर पुलिस ने लड़की के घर दबिश दी। कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस उन्हें थाने ले गई, जहां एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान और सीओ सिटी विनय कुमार द्विवेदी पहुंच गए। देर रात तक पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ करती रही लेकिन तब तक ये पता नहीं चला कि आखिर गोली किसने मारी है।
मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी को भी आरोपी नहीं कहा जा सकता। तहरीर मिलने के बाद जांच को दिशा मिलेगी, जो भी संदिग्ध लगा उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।
Socialize