नियुक्ति पत्र पाकर खिल उठे नवनियुक्त शिक्षकों के चेहरे
बदायूँ: 16 अक्टूबर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास, पांच कालीदास मार्ग पर 31,277 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने पांच लाभार्थियों को अपने हाथ से नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बदायूँ सहित प्रदेश भर के जिलों में इसकी शुरुआत की गई।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रांगण में उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री, पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास मंत्री/जनपद के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने दातागंज राजीव कुमार सिंह, शेखूपुर विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा, मुख्य विकास विकास अधिकारी निशा अनंत, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य एवं नगर पालिका अध्यक्षा दीपमाला गोयल के साथ 336 नव नियुक्त अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लाख 60 विद्यालय हैं, जिसमें लगभग एक करोड 80 लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं। शिक्षकों की कमी थी, हमारे बहुत से भाई-बहन शिक्षामित्र थे, उन शिक्षामित्रों को भी वरीयता दी गई, विपक्ष ने बहुत अड़ंगा लगाया इसके बावजूद सरकार की ओर से पैरोकारी करके हमने 69 हजार की भर्ती जो पहले निकाली थी, जिसकी परीक्षा भी हुई थी, उसमें सुप्रीम कोर्ट के आदेश से हमने प्रदेश में आज 31 हजार 227 अध्यापक-अध्यापिकाओं को नियुक्ति-पत्र बांटे हैं। अब हमारे सभी विद्यालय में शिक्षक पर्याप्त मात्रा में होंगे और जो कमी रह गई है, उसके लिए भी सुप्रीम कोर्ट का जैसे ही आदेश आएगा, तो उसको हम पूरा करेंगे।
उन्होने नव नियुक्त शिक्षकों से कहा कि गुरू का स्थान सर्वोपरि है। नये जीवन में गुरू के रूप में सेवा करें, तो जीवन भर सम्मान मिलता रहेगा। देश के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लें। सरकार द्वारा नियुक्तियों में भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिये पारदर्शी व्यवस्था अपनाई गई है। शिक्षा मित्रों को भी उनकी मेहनत और लगन से शिक्षक बनने का मौका मिला है। आप मेहनत करेंगे तो देश और समाज शिक्षित और मजबूत होगा।
महिला सशक्तिकरण के बिना खुशहाल राष्ट्र का निर्माण नहीं हो सकता-महिला सशक्तिकरण के मौके पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमारी एक लम्बी जो गुलामी की दास्तां रही है, चाहे मुगलकालीन में रही, चाहे बिट्रिश काल में रही, उसके तहत हमारी नारी का सम्मान जो देश में था, वह गिरा, फिर उसमें जो गिरावट आई, उस गिरावट को देखते हुए जो हमारी पिछली सरकारें थीं, उसकी सुरक्षा कभी नहीं कर पाई, लेकिन वर्तमान में जैसे ही देश मोदी जी और उत्तर प्रदेश मंे योगी जी की सरकार आई, नारी के सम्मान के लिए कठोर कदम उठाए गए। नारी के सम्मान के लिए ही यह प्रोग्राम रखा गया है। एक सप्ताह का विशेष अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके अन्तर्गत हमारे बहन-बेटियो को तंग करने वाले लोग हैं, उनके नाम के शिलापट चौराहों पर लगाए जाएंगे। बेटा व बेटी में समानता केवल बोलने से नहीं आएगी बल्कि बेटा-बेटी के भेदभाव को मिटाना होगा, क्योंकि महिला सशक्तिकरण के बिना खुशहाल राष्ट्र का निर्माण नहीं हो सकता।
इनको मिला सम्मान-इसके अलावा प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अन्तर्गत मौहल्ला जवाहरपुरी की महक शर्मा पुत्री गोविन्द शर्मा, मौहल्ला कल्याणनगर की आराध्या पुत्री श्रेयांश एवं कनक शर्मा पुत्री योगन्द्र को स्वीकृति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना अन्तर्गत कक्षा 10 की टाॅपर एसकेएसके अग्रवाल सरस्वती मंदिर इंटर काॅलेज उझानी की ऋषिका सक्सेना पुत्री दुर्गेश सक्सेना एवं कक्षा 12 की टाॅपर भदवार इंटर काॅलेज उझानी की मिताली चान्दना पुत्री कृष्ण गोपाल चान्दना को भी पुरस्कृत किया।
Socialize